संतान सुख – बिमला रावत जड़धारी

“अम्मा माफ़ कर दो, घर चलो अम्मा।”
“अम्मा! किस की अम्मा? किस घर की बात कर रहे हो? मैं तुम्हें नहीं जानती।”
“अम्मा ऐसे मत बोलो।”
“निकल जाओ यहाॅं से, दुबारा यहाॅं मत आना। “
“अम्मा!”
“मैंने कहा निकल जाओ।”
“अम्मा, मैं कल फिर आऊॅंगा।”

निर्मला का पति राजीव शहर में एक उच्च अधिकारी का ड्राइवर था। उसमें आगे बढ़ने की चाहत थी। उसने ड्राइवर की नौकरी के साथ -साथ आगे की पढ़ाई की।कई सरकारी नौकरी के पेपर देने के बाद उसकी विद्युत विभाग में क्लर्क की नौकरी लग गयी।
निर्मला गांव में अपने बेटे राजवीर और सास के साथ रहती थी। नौकरी लगने के बाद जब राजीव गांव आया और अपने घरवालों को नौकरी लगने की खुश खबरी सुनता है। यह सुनकर निर्मला बहुत खुश होती है और राजीव से कहती है, “ये तो बहुत अच्छी खबर है। राजवीर ने भी आठवीं पास कर ली है, आगे उसे शहर के स्कूल में पढ़ाएंगे। हम सब साथ में शहर जा कर रहेंगे।”
“नहीं निर्मला, अभी मैं सब को नहीं ले जा सकता। मैं पुराने साहब के कमरे में ही रहता हूॅं। आफिस से आ कर उन लोगों का काम कर देता हूॅं। छुट्टी वाले दिन उन्हें कभी बाज़ार तो कभी रिश्तेदारों के घर ले कर जाना होता है। इससे किराए के पैसे बच जाते हैं ,वरना मकान का किराया तो बहुत महंगा है। मैं अभी राजवीर को ले जाता हूॅं। वह पढ़ लिख जाएगा तो उसका भविष्य सुधार जाएगा। फिर तुम शहर में रह भी नहीं पाओगी। हम आते-जाते रहेंगे।”

राजीव बेटे को लेकर शहर आ गया और उसका स्कूल में दाखिला करा दिया। राजीव बेटे को लेकर गर्मियों की छुट्टियाॅं में गाॅंव आया।
“निर्मला अब हम बार-बार छुट्टियों में नहीं आ पाएंगे।
काफी रूपए खर्च हो जाते हैं।”
“तभी तो मैं कह रही थी कि हम भी साथ चलते हैं। सब साथ में रहेंगे तो खर्चा भी कम होगा “
“कैसी बात कर रही हो। मुम्बई जैसे शहर में मकान का किराया बहुत ज्यादा है। “
“ऐसे तो हम कभी आ ही नहीं पाएंगे। “
“कैसे नहीं आ पाओगे। मैं राजवीर के स्कूल के आस-पास सस्ता किराये का मकान देख रहा हूॅं। मैंने साथ में काम करने वाले दो चार दोस्तों को बोल दिया है। जब भी मिल जाएगा, फिर तुम्हें और माँ दोनों को बुला लूॅंगा।”

कितने ही साल गुजर गए। बेटे की अच्छी नौकरी लग गयी। उसने दो कमरे का फ्लैट किराए में ले लिया। ना ही राजीव ने, ना ही राजवीर ने उन्हें गांव से बुलाया और ना ही कभी गांव मिलने गए। निर्मला कभी कभी राजीव से फोन में ही कुशल मंगल पूछ लेती थी। अब निर्मला ने कभी भी शहर जाने के लिए बोलना बंद कर दिया।
निर्मला की सास की तबीयत खराब रहने लगी। जब भी खांसी होती तो खासंते – खासंते मुंह से खून निकल आता। डाक्टर ने उन्हें शहर ले जाने को बोला। निर्मला ने राजीव को फोन किया और बताया, “सासु जी की तबीयत बहुत खराब है। डाक्टर ने शहर ले जाने को बोला है।”
दूसरे दिन राजीव गाॅंव आता है। “डाक्टर ने क्या बोला ? हुआ क्या है अम्मा को?”
“डाक्टर ने बोला अम्मा की हालत ठीक नहीं है। फेफड़े खराब हो गये हैं। दिमाग में भी असर है, एक बार शहर ले जा कर दिखा दो।”
“ठीक है कल ही चलते हैं।”
शहर आ कर अम्मा तो नहीं बच पाई। अम्मा का सारा काम शहर में ही कर दिया।
बिमला रावत जड़धारी
“पापा दादी तो रही नहीं, अब अम्मा यहाॅं रह कर क्या करेंगी? आप अम्मा को कल गांव छोड़ आना।”
“हाॅं, तुम ठीक बोल रहे हो। मैं कल ही निर्मला को छोड़ आऊॅंगा।”
“अरे ! मैं अकेली गाॅंव मैं क्या करूॅंगी। पहले सास जी थी पर अब वो रही नहीं, मैं कही नहीं जा रही।”
“निर्मला तुम समझ क्यों नहीं रही हो?”
“क्या नहीं समझ रही मुझे भी तो पता चले?”
“निर्मला तुम समझती क्यों नहीं, तुम यहाॅं के माहौल में नहीं रह पाओगी।”
“माहौल तो ऐसा कुछ भी नहीं है जो मैं नहीं रह पाऊंगी।
जो मुझे नहीं आता तो मुझे सीखा देना। दसवीं पास हूॅं, समाज को दिखाने के लिए पढ़ना है तो वो भी कर लूंगी।”
“अम्मा तुम समझती क्यों नहीं। कल को मेरे दोस्तों को पता चलेगा आप गाॅंव नहीं गयी, यहीं हैं तो वो आप से मिलने आएंगे।”
“हाॅं तो आने दो, मिल लूंगी। क्या परेशानी है तुम्हें अपने दोस्तों से मिलवाने में, शर्म आती है क्या?”
“हाॅं, शर्म आती है। मेरे दोस्तों की मम्मी सब माॅर्डन हैं। और आप गाॅंव की।”
“निर्मला, राजवीर ठीक बोल रहा है। हम तुम्हें अपने दोस्तों से नहीं मिला सकते। तुम में तो उठने बैठने तक की भी समझ नहीं है।”
“आज तुम्हारी तरक्की हो गयी तो शर्म आती है किसी को अपनी पत्नी बताने में। गाॅंव तो मैं जाऊंगी नहीं। वहाॅं जाकर क्या बोलूं, मेरे पति और बेटे ने मुझे अपने साथ रखने से मना कर दिया है, क्योंकि उन्हें मुझे अपने साथ रखने में शर्म आती है।”
“निर्मला, क्यों बच्चों जैसी ज़िद कर रही हो। तुम हमारे साथ यहाॅं नहीं रह सकती। न लहज़ा, न लिहाज। अपने दोस्तों के सामने तुम्हें ले जाने का मतलब खुद की बेइज्जती कराना।
“जब मेरे यहाॅं रहने से पति को ही शर्म आती है तो बेटे को क्या बोलूं ?  मैं अपने पेट भरने के लिए कुछ भी काम कर लूॅंगी पर गाॅंव नहीं जाऊॅंगी।”
“ठीक है, आप दो तीन दिन में अपने कहीं और रहने का इंतजाम कर लेना।”
निर्मला दिनभर सोचने लगी ‘कहाॅं जाऊॅं क्या काम करूॅं? मैं तो यहाॅं किसी को भी नहीं जानती। मुझे बाहर निकलना होगा, लोगों से बात करनी होगी तभी कुछ हो पाएगा।’ वह शाम को पार्क में घूमने गयी। दूसरे दिन अपने आस – पड़ोस से बात करने गयी। शाम को पार्क में घूमते हुए एक पड़ोसी सुधा मिली। दोनों साथ ही घूमने लगे। तभी सुधा बोली, “निर्मला बहन, तुम घूम मेरे साथ रही हो पर तुम्हारा ध्यान कहीं और है। क्या हुआ, कुछ परेशानी है क्या?”
“नहीं-नहीं, ऐसा कुछ नहीं है।”
“कुछ परेशानी है तो मुझे बता सकती हो। शायद मैं तुम्हारी कुछ मदद कर सकूॅं।”
“समझ नहीं आ रहा कैसे बताऊॅं। “
“क्या हुआ?”
“मुझे काम की बहुत जरूरत है।”
“कैसे काम की?”
“कुछ भी काम हो।”
“पर तुम्हें काम की जरूरत क्यों है? पति इतने बड़े अधिकारी है। बेटा इतनी अच्छी जाॅब करता है।”
“तभी तो काम ढूंढ रही हूॅं। और जहाॅं मैं काम करूॅं, वहीं मेरे रहने , खाने का इंतजाम हो।”
“बात क्या है? तुम मुझ पर विश्वास कर सकती हो।”
निर्मला सुधा को सब बात बता देती है।
“मुम्बई में एक परिवार है। उन्हें घर सभालने के लिए किसी मददगार की जरूरत है। पर घर यहाॅं से बहुत दूर है।”
“कोई बात नहीं ,मैं कर लूंगी।”
“घर वालों ने अगर कुछ बोला तो?”
“कोई कुछ नहीं बोलेगा। वो तो चाहते ही हैं मैं जल्द से जल्द यहाॅं से जाऊॅं।”
“मेरे भाई का बेटा अनूप और बहू रूचि हैं। दोनों ही नौकरी करते हैं। बहू को बच्चा होने वाला है। मेरे भाई भाभी दोनों ही नहीं हैं। बहू के पिताजी नहीं है। मां की पिताजी की जगह नौकरी मिली है। इसलिए वो भी नही आ सकती। भाई का बेटा तुम्हारे बेटे की उम्र का ही होगा।”

बस उस दिन से इन पांच सालो में अनूप और रूचि ने इतना प्यार दिया जैसे मैं सगी मां हूॅं, उनकी बेटी के लिए सगी दादी। मैं तो अपना पिछला सब कुछ भूलने की कोशिश कर रही थी। और आज राजवीर जाने कहाॅं से आ गया।

दूसरे दिन राजवीर आता है। “अम्मा घर चलो, आप को पता भी है कि पापा का बहुत बुरा एक्सिडेंट हुआ है। उन्हें आप की जरूरत है।”
“बेटा तुम करो अपने पापा की सेवा। और तुमने शादी तो कर ही ली है, तो अपनी पत्नी से कराओ। अगर वो भी नहीं कर सकती तो कोई नर्स रख लो। मैं कैसे आ सकती हूँ, मेरे आने से तुम लोगों की बेइज्जदी हो जाएगी। मैं गाॅंव की जो ठहरी, मुझे शहर के बारे में कुछ नहीं पता।मैं कैसे आ सकती हूॅं।”
“अम्मा, अभी तो इन लोगों को आपकी जरूरत है, इसलिए इन्होंने अपने साथ रखा है। जब इनकी जरूरत पूरी हो जाएगी तब वह आपको निकाल देंगे। तब कहाॅं जाओगी? ये लोग तो आपके कुछ भी नहीं लगते।”
“ठीक बोला बेटा। तुम लोग तो मेरे अपने थे। तुम लोगों ने मुझे घर से निकाल दिया। ये मेरे कुछ भी नहीं, लेकिन इन्होंने मुझे अपने घर के साथ अपने दिल में भी जगह दी। जो संतान सुख मुझे तुमसे मिलना चाहिए था, वह संतान – सुख मुझे इन लोगों से मिल रहा है। इन पराये लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया कि मैं अपनों को भी भूल गयी। ये इनकी बेटी है, ये मुझे दादी मानती है, ये दोनों पति-पत्नी मुझे अपनी माॅं की तरह मानते हैं। इन्हें तो मुझे माॅं कहने में भी शर्म नहीं आती। ना ही अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलाने में। और बेटा, इन लोगों ने मुझे इतना पढ़ा लिखा दिया कि मुझे आज अपने आप पर ही गर्व है। और अगर ये मुझे जाने के लिए भी बोलेंगे तो अब मैं अकेले रह सकती हूॅं। मैं कल की चिंता में अपना आज नहीं बिगड़ सकती।
अगर कल को मैं मर भी जाऊं, तब भी तुम लोग चिंता मत करना। मैं अपना शरीर पहले ही अस्पताल में दान कर दूंगी। अब तुम यहाॅं से जा सकते हो। मेरी चिंता करने के लिए मेरे बेटे बहू हैं। मुझे असली संतान सुख भोगने दो।”

– बिमला रावत जड़धारी

error: Content is protected !!