बेटियाँ, कब तक चुप रहोगी? – सुदर्शन सचदेवा

“बेटियाँ बहुत सहनशील होती हैं।”

न जाने कितनी बार यह बात सुनकर बड़ी हुई थी अनन्या। माँ कहती थीं, “बेटी, ससुराल में छोटी-छोटी बातों को दिल पर मत लेना। रिश्ते समझदारी से चलते हैं।”

अनन्या ने माँ की बात गाँठ बाँध ली थी।

शादी के बाद जब पहली बार उसकी बात को गलत समझा गया, वह चुप रही। जब उसकी पसंद को नज़रअंदाज़ किया गया, उसने समझौता कर लिया। जब उसके सपनों को यह कहकर टाल दिया गया कि “अब तुम्हारी प्राथमिकताएँ बदल गई हैं”, उसने अपने मन को समझा लिया।

हर बार वह खुद से कहती—

“कोई बात नहीं… घर तो बचा रहना चाहिए।”

लेकिन घर बचाते-बचाते वह धीरे-धीरे खुद को खोने लगी।

एक रात माँ का फोन आया।

“कैसी है मेरी बेटी?”

“बहुत अच्छी हूँ माँ।”

“आवाज़ क्यों बुझी-बुझी है?”

“थक गई हूँ बस।”

माँ कुछ पल चुप रहीं, फिर बोलीं,

“अनन्या, माँ से झूठ बोलना सीख गई क्या?”

बस इतना सुनना था कि वर्षों से आँखों के पीछे रुके आँसू बह निकले।

“माँ… मैं थक गई हूँ।”

“किससे?”

“हर बात समझाने से… हर बात सहने से… हर बार खुद को गलत मान लेने से।”

माँ की आँखें भी भर आईं।

उन्होंने धीरे से पूछा,

“तूने कभी अपने लिए आवाज़ क्यों नहीं उठाई?”

अनन्या ने सिसकते हुए कहा,

“डर लगता था माँ… लोग क्या कहेंगे? कहीं घर टूट गया तो? कहीं सब मुझे ही दोष देने लगे तो?”

माँ ने गहरी साँस ली।

“बेटी, मैंने तुझे रिश्ते निभाना सिखाया था, खुद को मिटाना नहीं। समझौता करना सिखाया था, अन्याय सहना नहीं।”

अनन्या चुप रही।

माँ फिर बोलीं—

“याद रखना, बेटी… घर तभी घर होता है जब उसमें रहने वाले लोगों का सम्मान भी बचा रहे। सिर्फ चार दीवारों को बचाने के लिए अगर किसी की आत्मा रोज़ घायल हो, तो उस चुप्पी पर गर्व नहीं किया जा सकता।”

अगले दिन वही हुआ जो अक्सर होता था। अनन्या से एक ऐसी बात कही गई जिसे वह वर्षों से सहती आई थी।

लेकिन इस बार उसने सिर नहीं झुकाया।

उसने बहुत शांत स्वर में कहा—

“मैं किसी से लड़ना नहीं चाहती। मैं रिश्ता भी नहीं तोड़ना चाहती। लेकिन अब अपनी बात कहना नहीं छोड़ूँगी। मेरी चुप्पी को मेरी सहमति मत समझिए।”

कमरे में अचानक सन्नाटा छा गया।

पहली बार अनन्या को लगा कि उसकी आवाज़ काँप नहीं रही थी।

वह रात को माँ के पास पहुँची।

माँ ने उसे देखते ही गले लगा लिया।

“डर नहीं लगा?” माँ ने पूछा।

अनन्या मुस्कुराई,

“बहुत लगा था माँ… लेकिन इस बार खुद को खो देने से ज्यादा डर लगा।”

माँ ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा—

“बस यही तो चाहती थी मैं।”

फिर माँ ने उसे आईने के सामने खड़ा किया और कहा,

“देख अपनी बेटी को… कितनी मजबूत है। बेटियाँ रो सकती हैं, टूट सकती हैं, थक सकती हैं… लेकिन उन्हें हमेशा चुप रहना जरूरी नहीं।”

अनन्या ने आईने में खुद को देखा।

उसे लगा जैसे आज पहली बार वह अपने चेहरे पर सिर्फ आँसू नहीं, अपनी पहचान भी देख रही है।

और उसी दिन उसने मन ही मन उन सभी बेटियों के लिए कहा—

“बेटियों, कब तक चुप रहोगी?

जहाँ प्यार है, वहाँ प्रेम से बोलो।

जहाँ गलती है, वहाँ समझाकर बोलो।

और जहाँ तुम्हारे आत्मसम्मान को चोट पहुँचती है, वहाँ चुप्पी मत साधो।

आवाज़ उठाना घर तोड़ना नहीं है…

कभी-कभी अपनी आवाज़ उठाना, खुद को टूटने से बचाना होता है।”

सुदर्शन सचदेवा

error: Content is protected !!