कोख से परे – लतिका

गायत्री बहुत समझदार थी, लेकिन संतानविहीनता का दंश उसे खाए जाता था। रिश्तेदारी में, पड़ोस में, मोहल्ले में हर स्त्री की उँगली थामे नन्ही हथेलियाँ उसे विचलित कर जाती थीं।

पड़ोस में रहने वाली कमला के तीन बच्चे थे। दोनों बेटे और एक बेटी अभी पढ़ाई कर रहे थे। कमला को अपने बच्चों पर बड़ा नाज था। अक्सर उनकी पढ़ाई, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का बखान करती रहती।

लेकिन उसकी बातों में कभी-कभी एक अनकहा उलाहना भी होता।

“गायत्री, तुम क्या जानो संतान पालना क्या होता है!जाके पैर ना फटे बिवाई वो का जाने पीर पराई… दिन-रात एक करना पड़ता है। कभी स्कूल की चिंता, कभी फीस की व्यवस्था, कभी परीक्षा की तैयारी तो कभी उनकी छोटी-बड़ी जरूरतें। अपनी तो पूरी जिंदगी इन्हीं के पीछे खप जाती है।”

फिर कभी हँसते हुए कहती, “तुम्हें तो कोई झंझट ही नहीं है बहन! न बच्चों की पढ़ाई की चिंता, न उनकी परवरिश का संघर्ष। आराम से अपनी जिंदगी जी रही हो।”

गायत्री चुपचाप सुनती रहती। कभी-कभी कमला की बातें उसे भीतर तक चुभ जातीं, लेकिन वह प्रतिवाद नहीं करती।

वह सोचती, हर व्यक्ति का अपना संघर्ष होता है। किसी के हिस्से में संतान का सुख है तो किसी के हिस्से में उसकी प्रतीक्षा। किसी की पीड़ा नहीं दिखाई देती है, जो किसी की मुस्कान के पीछे छिपी रहती है।

गायत्री और उसके पति सौरभ का दाम्पत्य जीवन सुखमय था। सौरभ एक बड़ी कंपनी में कार्यरत थे। आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद उनके जीवन में एक खालीपन था, जिसे दोनों ने समय के साथ स्वीकार करना सीख लिया था। मगर गायत्री के मन में माँ बनने की चाह कहीं गहरे दबी हुई थी।

एक दिन बाजार से लौटते समय उसे एक नन्ही लड़की भीख माँगती दिखाई दी। वह सड़क के किनारे बैठी थी। सामने एक कपड़ा बिछा था। गायत्री के कदम वहीं रुक गए।

उसकी उम्र मुश्किल से पाँच-छह साल रही होगी। मैले-कुचैले कपड़े, उलझे हुए बाल और चेहरे पर एक अजीब-सी मासूमियत। उसकी छोटी-सी हथेली बार-बार सामने की ओर बढ़ रही थी।

गायत्री ने झुककर पूछा, “बेटा, तुम्हारा नाम क्या है?”

बच्ची ने आवाज की दिशा में चेहरा घुमाया और धीरे से बोली, “गुड़िया।”गायत्री का जी धक से रह गया जब उसने ध्यान दिया कि बच्ची तो दृष्टिबाधित है।

गायत्री ने उसके सिर पर हाथ फेरा और कुछ खाने का सामान दिया। बच्ची की निश्छल मुस्कान उसे भीतर तक छू गई।

उसने आसपास देखा तो थोड़ी दूरी पर बच्ची की माँ बैठी थी। गायत्री उसके पास पहुँची। बातचीत में पता चला कि पति की मृत्यु हो चुकी है। बच्ची जन्म से ही देख नहीं सकती और घर में कमाने वाला कोई नहीं। मजबूरी में वह बच्ची को साथ लेकर भीख माँगने बैठ जाती है।

गायत्री का मन भर आया। उसने उस महिला से बच्ची की पढ़ाई और उपचार के बारे में बात की। महिला की आँखों में उम्मीद की चमक उभर आई, लेकिन अपनी परिस्थितियों की विवशता भी उसके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी।

उस दिन गायत्री घर तो लौट आई, लेकिन उसका मन उसी सड़क के किनारे छूट गया था।

रात को उसने सौरभ को गुड़िया के बारे में बताया। पत्नी की बात सुनकर सौरभ पहले तो चुप रह गए। शायद अपने दाम्पत्य जीवन की एक अनकही अधूरी चाह फिर दोनों के मध्य पसर गई थी।

गायत्री बोली, “सौरभ, जब भी उस बच्ची को देखती हूँ, मन होता है उसे गोद में उठा लूँ। उसकी छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करूँ। उसे स्कूल जाते देखूँ। पता नहीं क्यों, उसका चेहरा बार-बार आँखों के सामने आ जाता है।”

सौरभ ने उसकी ओर देखा। वह गायत्री की पीड़ा से अनजान नहीं थे। कितनी बार उन्होंने उसे बच्चों के बीच मुस्कराते हुए और घर लौटकर चुप होते देखा था।

उन्होंने संजीदगी से कहा, “गायत्री ,अगर हम उस बच्ची के जीवन में कुछ अच्छा कर सकते हैं तो जरूर करेंगे।”

सारी रात गायत्री सो न सकी। किसी तरह सुबह हुई। दोनों ने तय किया कि वे बच्ची की माँ से मिलकर उसकी मदद का रास्ता निकालेंगे।

सौरभ ने अपनी कंपनी में बात की। कुछ प्रयासों के बाद उस महिला को कंपनी के परिसर में माली का काम मिल गया। रहने के लिए एक छोटा-सा कमरा भी उपलब्ध हो गया। वहीं कंपनी द्वारा संचालित स्कूल में गुड़िया का दाखिला भी करवा दिया गया। उसकी दृष्टिबाधिता को ध्यान में रखते हुए विशेष शिक्षण व्यवस्था की भी बात की गई।

गायत्री की खुशी का ठिकाना नहीं था। अब गुड़िया रोज साफ-सुथरी वर्दी पहनकर स्कूल जाती। गायत्री अक्सर उससे मिलने जाती। कभी उसके लिए चूड़ियाँ ले जाती, कभी खिलौने तो कभी उसकी पसंद की मिठाई।

धीरे-धीरे गुड़िया भी गायत्री की आवाज पहचानने लगी थी।

एक दिन गुड़िया ने उसका हाथ पकड़कर पूछा, “आंटी, आप रोज मेरे पास क्यों आती हो?”

गायत्री कुछ कहती, उससे पहले गुड़िया बोल पड़ी, “आप आती हो तो मुझे बहुत अच्छा लगता है।”

गायत्री ने उसे सीने से लगा लिया। उसकी आँखें नम थीं।

धीरे-धीरे गुड़िया की पढ़ाई अच्छी चलने लगी। विशेष शिक्षण व्यवस्था के कारण वह ब्रेल लिपि सीखने लगी थी। उसकी याददाश्त बहुत अच्छी थी और कविताएँ सुनाने का उसे बड़ा शौक था। वह अपनी सहपाठियों के साथ खेलती, स्कूल की गतिविधियों में भाग लेती और अपनी छोटी-छोटी उपलब्धियों पर खूब खुश होती।

उसकी माँ भी अपने काम में रम गई। अब उसके जीवन में आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की एक नई शुरुआत हो चुकी थी। गुड़िया अपनी माँ के साथ रहती और गायत्री-सौरभ का स्नेह भी उसे मिलता रहा।

उधर कमला के बच्चे बड़े होकर अपनी-अपनी दुनिया में व्यस्त होने लगे। पढ़ाई पूरी हुई, नौकरियाँ मिलीं, फिर धीरे-धीरे उनके जीवन में नए रिश्ते और नई जिम्मेदारियाँ जुड़ती गईं।

कमला को अब बच्चों का पहले जैसा साथ नहीं मिलता था। कभी फोन करने पर वे व्यस्तता का हवाला देते, कभी उसकी जरूरतों को बाद के लिए टाल देते। जिस माँ ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों की परवरिश में लगा दी थी, अब उसी के पास बैठकर दो घड़ी बातें करने का समय उनके पास नहीं था।

एक दिन कमला बहुत उदास बैठी थी। गायत्री ने पूछा, “क्या हुआ दीदी, आज बहुत परेशान लग रही हो?”

कमला की आँखें भर आईं।

“क्या बताऊँ गायत्री! तुम्हीं बहुत भागवाली हो अच्छा है कलेजे को दुख पहुंचाने वाली ऐसी संतानें नहीं है तुम्हारे पास।जिन बच्चों के लिए पूरी उम्र खपा दी, आज उन्हीं के पास हमारे लिए दो घड़ी का समय नहीं है। कभी-कभी लगता है, क्या इसी दिन के लिए इतना सब किया था?”

गायत्री कुछ पल चुप रही। उसे कमला की पुरानी बातें याद आईं, लेकिन उसने उन्हें दोहराना उचित नहीं समझा। उसने बस कमला का हाथ थाम लिया।

कुछ दिनों बाद गुड़िया के स्कूल में वार्षिकोत्सव था। गायत्री और सौरभ दोनों वहाँ पहुँचे। गुड़िया ने अपनी शिक्षिका की मदद से मंच पर कविता सुनाई और अपनी कक्षा में अच्छे प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी पाया।

पुरस्कार लेते समय उसने माइक पर कहा—

“यह मेरी माँ के लिए है, जिन्होंने मुझे जन्म दिया और मेरी आंटी गायत्री के लिए, जिन्होंने मुझे आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।”

गायत्री की आँखें भर आईं। गुड़िया की माँ भी पास बैठी थी। उसने गायत्री का हाथ पकड़कर कहा, “दीदी, आपने मेरी बच्ची को जो दिया है, वह मैं कभी नहीं भूल सकती।”

गायत्री ने उसका हाथ दबाते हुए कहा, “बहन, यह तुम्हारी बच्ची है। तुमने उसे जन्म दिया, उसे पाला है। मैंने तो बस उसके रास्ते की कुछ मुश्किलें कम करने की कोशिश की है।”

कार्यक्रम से लौटते समय सौरभ ने पूछा, “आज कैसा लगा तुम्हें?”

गायत्री मुस्कराई। बोली, “सौरभ, कभी लगता था कि माँ न बन पाने के कारण मेरा जीवन अधूरा है। आज समझ में आया कि ममता के लिए कोख ही एकमात्र रास्ता नहीं है। किसी के जीवन में उम्मीद बनकर भी तो जिया जा सकता है।”

उस दिन गायत्री ने महसूस किया कि संतान सुख के भी कई रूप होते हैं। संतान का होना सौभाग्य है, लेकिन संतान के भीतर संवेदना और संस्कार होना भी उतना ही आवश्यक है।

कमला की पीड़ा ने उसे यह समझाया कि संतान की संख्या नहीं, रिश्तों की संवेदना महत्वपूर्ण है। और गुड़िया ने उसे सिखाया कि ममता केवल जन्म देने तक सीमित नहीं होती।

किसी के जीवन में उम्मीद बन जाना, उसके अँधेरे रास्तों पर रोशनी बिखेरना और बिना किसी स्वार्थ के उसका हाथ थाम लेना भी तो एक तरह का मातृत्व है।शायद ममता को किसी एक रिश्ते, किसी एक परिभाषा या किसी एक सीमा में नहीं बाँधा जा सकता।

वह कभी कोख से जन्म लेती है, तो कभी कोख से परे भी अपना संसार रच लेती है।

— लतिका ✍️  

संतान सुख # कहानी प्रतियोगिता

error: Content is protected !!