सुवर्णा, जैसा नाम वैसा ही रुप सौंदर्य। स्निग्ध गौर वर्ण, मृगनयनी चंचल बड़ी बड़ी आंखें, स्वर्ण से चमकते घने भूरे बालों की साम्राज्ञी थी। सौंदर्य तो अब भी वैसा ही है, बस आंखों की चंचलता उलझनों में विलीन हो गयी है। कभी कभी आंखें अश्रुपूरित हो जाती हैं, जिन्हें वह पलकों में छुपाने का भरपूर प्रयास करती है, परंतु अक्सर अश्रु कपोलों पर ढ़ुलक आते हैं।
सुवर्णा के पिता शिवांस जी रेलवे ऑफिस में क्लर्क थे। जितना वेतन प्राप्त करते थे , उससे बड़ा उनका कुनबा था। सुवर्णा अपने माता-पिता की अकेली संतान थी, परन्तु साथ रहने वाले तीन सदस्य और थे। बड़ी अम्मा और उनकी दो बेटियां महिमा और मधुरा। बड़े भाई की मृत्यु के बाद शिवांस जी ने अपने हालात से *समझौता करके भाभी और बच्चों को अपने साथ रखने का फैसला किया। सुवर्णा की मां साक्षी को पति का फैसला कुछ अच्छा नहीं लगा। उन्होंने कहा कि ख़र्चा कैसे चलेगा। हमारी स्थिति कौन सी बड़ी अच्छी है। इसपर शिवांस जी ने कहा, ‘ परिस्थितियों से समझौता करना पड़ता है। तुम्हीं सोचो यदि इस समय हम उन्हें सहारा नहीं देंगे तो भाभी इन दो बेटियों को लेकर कहां और कैसे रहेंगी और उनकी परवरिश कैसे कर पाएंगी। ये हमारे अपने हैं। इन्हें ऐसे तो नहीं छोड़ सकते हैं न। दो रोटी नहीं, बांटकर एक रोटी तो खा ही सकते हैं। साक्षी के हृदय में करुणा की भावना प्रवाहित होने लगी। चेहरे पर स्वीकृति का भाव प्रकट करते हुए बोलीं, ‘ आप ठीक कह रहे हैं। हम सब एक साथ ही रहेंगे।’
दो परिवार एक परिवार हो गया। खाना पीना, घूमना, त्योहार मनाना सब एक साथ मिलकर होने लगा। त्योहार में कपड़े बनते तो सभी के बनते। कभी कोई छिपाव या दुराव नहीं होता था। बड़ी अम्मा अपनी बेटियों से अधिक सुवर्णा को प्यार करती थीं। क्योंकि महिमा मधुरा से वह दस साल छोटी थी और बड़ी अम्मा के पास ही ज़्यादा रहती थी। इस तरह तीनों बच्चियां पूरे परिवार की बच्चियां हो गई ं। प्यार भी सभी का और ग़लती पर डांट भी सभी का।
प्रत्येक वर्ष मौसम आते जाते रहे। सुवर्णा युवावस्था की दहलीज़ पर पहुंच गई। उसकी शादी की चिंता शिवांस और साक्षी को सताने लगी।
परिवार के भरण पोषण में ही शिवांस जी ने अपना अर्जित अर्थ समर्पित कर दिया था। अब वे अर्थहीन से हो गए थे। बेटी का ब्याह ऐसे लड़के से करना चाहते थे, जो सुख समृद्धि से संपन्न हो, जहां सुवर्णा ख़ुश रहे, किसी अभाव का सामना न करना पड़े और दहेज की भी डिमांड ज्यादा न हो। उनकी सोच और प्रयत्न शीघ्र ही प्रतिफलित हुई। एक प्रतिष्ठित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत विधुर रवीन्द्र मिल गया। उसका पद और घर की हैसियत देखकर उन्होंने सुवर्णा की शादी उससे तय कर दिया। सुवर्णा ने भी रवीन्द्र की पोजिशन और हैसियत जानकर स्वीकृति दे दी। दोनों खुशी-खुशी विवाह सूत्र में बंध गए।
घर सभी सुख सुविधाओं से संपन्न था। सुवर्णा को ससुराल में कोई कमी या असुविधा महसूस नहीं हुई, न कोई बंधन, न कोई अवरोध था। पूर्ण रुप से स्वतंत्रता थी।
विवाह के कुछ महीने पश्चात् सुवर्णा पति रवीन्द्र की गतिविधियों को समझने का प्रयास करने लगी। रवीन्द्र अपने ही कंपनी में कार्यरत मित्र पवन की पत्नी नीता की अक्सर उसके सौंदर्य और कार्यों की प्रशंसा किया करता था। सुवर्णा को यह बर्दाश्त नहीं होता था कि उसका पति किसी दूसरी की पत्नी की प्रशंसा करे और उसका ख्याल रखे।
रवीन्द्र का बर्थडे आया। करीबी रिश्तेदार, मित्र मंडली को आमंत्रित किया गया। पवन और नीता भी आए। बर्थडे केक कट जाने के बाद कुछ मेहमान बातों में मशगूल हो गए और कुछ गीत संगीत प्रस्तुत करने लगे। ऐसे उमंग पूर्ण वातावरण के बीच नीता और रवीन्द्र वहां से अदृश्य हो गए। सुवर्णा रवीन्द्र को ढूंढने लगी। एक एकांत स्थान पर वे दोनों दिखाई दिए। सुवर्णा के पहुंचते ही उनकी बातें रुक गई ं और वे सुवर्णा को देखने लगे। सुवर्णा ने कहा, ‘ ऐसी कौन-सी बात आप दोनों को करनी थी, जो मेहमानों को छोड़कर यहां एकांत में चले आए। उस समय नीता और रवीन्द्र ने कुछ जवाब नहीं दिया और चुपचाप हाल में आ गए। पीछे पीछे सुवर्णा भी आई। आधी रात तक मनोरंजन चलता रहा। सारे मेहमान स्वादिष्ट भोजन करने के पश्चात् अपने अपने घर की ओर जाने लगे।
सारे आगंतुकों के जाने के बाद रवीन्द्र और सुवर्णा भी अपने कमरे में आ गए। सुवर्णा के मन में गुबार भरा हुआ था,जिसे निकालने के लिए वह बेताब हो रही थी। उसने रवीन्द्र से कहा, ‘ आप नीता की बड़ाई करते थे, मैं सुन लेती थी। लेकिन आज तो आप दोनों ने हद ही कर दी। मुझे देखकर बहुत ही क्रोध आ रहा था। क्या आपको शोभा देता है कि किसी और की पत्नी से इतना करीब रहें? मुझे तो शर्म आती है।
रवीन्द्र की भौंहें तन गई। ऊंची आवाज़ में उसने कहा,
‘ तुम मुझे आवारा बदचलन समझती हो? हमारे और नीता के विचार और सोच एक जैसे हैं। कोई भी समस्या होती है तो आपस में सुलझाने का प्रयास करते हैं।
‘ ऐसी कौन-सी समस्या आ गई जिसके लिए एकांत स्थान चुना गया।’ नीता ने भी उसी अंदाज में कहा।
‘ शांत हो जाओ और सुनो’ कुछ छण चुप रहकर पुनः बोला, ‘ पवन को शराब पीने की लत है। यह तो मैं जानता हूं लेकिन नीता पर हाथ उठा देता है, यह नहीं जानता था । वह यही चाहती थी कि मैं पवन को समझाऊं। यह बात वह पवन के सामने तो नहीं कह सकती थी ।वह और भी गुस्सा होता।’
बेड के साइड टेबल पर रखी हुई अपनी और सुवर्णा के वैवाहिक फोटो को देखकर रवीन्द्र ने सुवर्णा की ओर मुखातिब होकर पुनः बोला, ‘ और तुम जानती हो, तुमसे विवाह करने का जोर उसी ने ही डाला था। मैं तो दूसरा विवाह करना ही नहीं चाहता था। तुम्हारे मन में जो शक का बीज पड़ गया है, उसे निकाल दो। नहीं तो जीवन नर्क हो जाएगा। जीवन में समझौता भी जरूरी होता है। एक दूसरे की भावनाओं को समझना और उसका सम्मान करना चाहिए।’
नीता सिर झुकाए मौन हो सुनती रही। उसे अपने ऊपर ग्लानि महसूस हो रही थी। उसने सिर ऊपर उठाया और बोली, ‘ मैंने ग़लत सोचा, क्षमा करें।’ रवीन्द्र ने देखा कि उसकी आंखें अश्रुपूरित थीं, गला रुंधा हुआ और दोनों करतल जुड़े हुए हैं। उसने सुवर्णा का हाथ पकड़ कर कहा, ‘ इसमें क्षमा मांगने की कोई आवश्यकता नहीं है। पति-पत्नी दोनों बराबर हैं। बस एक दूसरे को समझना होगा। हमारे विचार अलग हो सकते हैं, पर घर बनाने के लिए समझौता करना भी जरूरी है। यही बात मैं पवन को बताना और समझाना चाहता हूं।’
‘कल आपका छुट्टी है, तो हम कल ही उनके घर चलें’ सुवर्णा ने रवीन्द्र से कहा।
रवीन्द्र और सुवर्णा दोनों के मुख पर प्रसन्नता और परस्पर विश्वास का भाव प्रकट हो गया।
स्वरचित मौलिक (सर्वाधिकार सुरक्षित)
गीता अस्थाना,
बंगलुरू, कर्नाटका।