समझौता भी जरूरी है – बिमला रावत जड़धारी

‘देखा माॅं, आज आपके दोनों बच्चे सफल हो गये। आप यहीं चाहती थी न।’
‘हाॅं मेरे बच्चों, मैं यही चाहती थी कि मेरे दोनों बच्चें सफल हो। आज तुम दोनों ने उन सब के मुंह में तामचा मार दिया जो कहते थे कि बिन बाप के बच्चें हैं, कैसे पालेगी। हमसे तो कोई उम्मीद मत करना। आज मैं बहुत खुश हूॅं।’ निधी के आंखों में आज खुशी के आंसु थे।

कोर्ट मैरिज करके राजीव निधी को अपने साथ घर लेकर आया। घर में तीनों बहनें आयी हुई थी। सब के मुंह फूले हुए थे। तभी पिताजी चिल्लाऐ, ‘खबरदार जो अंदर आया। यहॉं आने की कोई जरूरत नहीं है। खुद तो नौकरी करता नहीं है। बोला भी था कि पहले नौकरी कर ले, फिर हम सारे विधी – विधान से तुम्हारी शादी करा देंगे।’
तभी बड़ी दीदी निधि से गुस्से में बोली, ‘इसे अक्ल नहीं थी, तुम्हें तो थी। तुम्हारी अक्ल भी घास चरने चली गई थी क्या? बूढ़ा बाप अपना और माॅं का पेट भरेगा या तुम दोनों का। हम भी कब तक मदद करते रहेंगे।’
‘दीदी हम दोनों नौकरी कर लेंगे।’
मंझली दीदी ने भी ताना मारते हुए कहा, ‘नौकरी क्या पेड़ में उगती है। ऐसे बोल रही है जैसे तुम्हारे लिए नौकरी थाली में सजाकर रखी है। “आओ आओ हमारे यहाॅं आप के लिए मैनेजर की जगह खाली है। हमारे यहाॅं नौकरी कर लो, हमें आप की बहुत आवश्यकता है”।’
‘दीदी आप लोग कुछ ज्यादा ही नहीं बोल रहे हैं। अब तो मैंने और निधि ने शादी कर ली है। इसे आप सब लोग स्वीकार करो। मैंने एक होटल में निधि के लिए नौकरी की बात करी है, उन्होंने एक हफ्ते बाद बुलाया है। देखते हैं वो लोग क्या बोलते है।’

निधि की होटल के रिसेप्शन में नौकरी लग जाती है।
‘राजीव तुम अपनी नौकरी के लिए भी बात करो। तुम्हारी नौकरी लग जायगी तो ससुर जी को नौकरी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।’
‘हाॅं, मैंने एक कंपनी में बात करी है। एक दो दिन में पता चल जाएगा। अभी पापा को नौकरी करने दो। जब मेरी नौकरी लग जाएगी तब पापा को नौकरी करने से मना कर देंगे।’
राजीव के पिताजी जानते थे राजीव ने कभी नौकरी करनी ही नहीं, उसके सारे शौक उसकी बहनें पूरे करती थी।

एक दिन राजीव के पिताजी, जो किसी कंपनी में क्लर्क थे, शाम को साइकिल से घर आ रहे थे। जैसे ही वह सड़क पार कर रहे थे, अंधेरा होने की वजह से गाड़ी वाले ने साइकिल में जोर से टक्कर मार दी जिससे राजीव के पापा के सिर में गहरी चोट लग गयी। उन्हें अस्पताल ले गये। अत्याधिक खून निकलने की वजह से वह बच नहीं पाऐ और उनकी मुत्यु हो गयी। उन का जाना परिवार के लिए क्षति थी।
एक दिन निधि राजीव से कहती है, ‘जब ससुर जी थे तब मेरी और उनकी तनख्वाह से घर खर्च आराम से निकल जाता था। अब हमारा परिवार बढ़ने वाला है। खर्च भी बढ़ जाएंगे। तुम कब अपनी जिम्मेदारी समझोगे, क्यों नहीं कहीं नौकरी करते?’
तभी राजीव की सबसे बड़ी दीदी और सबसे छोटी दीदी घर आती है। निधि अपनी चिंता उनसे बांटती है, ‘दीदी आप लोग राजीव को समझाओ कि कहीं नौकरी करे। अगर आप की कहीं पहचान है तो इनकी नौकरी लगवा दीजिए।’
बड़ी दीदी झिल्ला कर कहती है, ‘निधि तुम अपनी और अपने होने वाले बच्चे की चिंता करो, अपने भाई की जरूरत मैं पूरी कर रही हूॅं। उसने आज तक नौकरी नहीं करी। आगे भी नहीं करेगा।’
‘दीदी ऐसा कहॉं लिखा है कि जो काम आज तक नहीं किया तो आगे भी नहीं करेगा। और दीदी ये बच्चा मेरे अकेला का नहीं है, हम दोनों का है।’
‘दीदी, निधि ठीक ही तो कह रही है।’
‘छोटी, तुम चुप रहो।’
‘पर दीदी…’
‘छोटी मैंने कहा न चुप रहो।’
छोटी वहाॅं से उठ कर अपनी माॅं के पास आ जाती है। दीदी अपने पर्स से दस हजार रुपए निकाल कर राजीव को देती हैं। राजीव पैसे लेकर बाहर चला जाता है। निधि चाह कर भी कुछ नहीं बोल पायी।

निधि जुड़वां बच्चों की मॉं बन जाती है। एक बेटा, एक बेटी। राजीव को जुआ और शराब की लत लग गयी।राजीव दिन रात नशे में ही रहता अब उसकी तबियत भी खराब रहने लगी जांच से पता चला कि शुगर है वो भी बहुत बढ़ी हुई है। डॉक्टर ने कहा कि की परहेज करना पड़ेगा, शराब बिल्कुल भी नहीं पीनी, न ही मीठा खाना है। डॉक्टर ने दवाईयॉं लिख कर दे दी। राजीव ने कुछ दिनों तक परहेज किया परन्तु फिर चोरी छुपे पीने लगा। निधि की ननदें निधि को कहती ‘जब से तुम राजीव की जिंदगी में आयी हो तब से राजीव की जिंदगी नरक बन गयी। तुम ने बाहर न जाने कितने यार बना रखें है। रात दस बजे से पहले कभी घर नहीं आती। आस – पड़ोस, रिश्तेदार सभी न जाने कितनी बातें करते हैं। तुम्हें न पति की चिंता है ,न बच्चों की।’
निधि खून का घूंट पी कर रह जाती। निधि इन सब बातों का जवाब देना चाहती थी परन्तु रिश्तों को संभालने के लिए उसने इस अपमान से भी समझौता करना जरूरी समझा।

एक रात राजीव की ज्यादा ही तबीयत खराब हो जाती है। उसे अस्पताल ले जाते हैं परन्तु वह बच नहीं पाता। अब निधि का उसकी ननदों ने रहना मुश्किल कर दिया। अधिकतर बड़ी ननद ही निधि को तानें मारती। ‘देखती हूॅं कैसे पालती है अब अपने बच्चों को। आज तक तो मैं राजीव को पैसे देती थी तो तुम उस से छीन कर ले लेती थी और उन पैसों को अपने यार दोस्तों में और अपनी अय्याशी में खर्च करती थी। देखती हूॅं कैसे बिन बाप के बच्चों को पालती है। बाप का साया रहता है तो बच्चें बिगड़ते भी नहीं है।’
‘दीदी मैंने कब लिए राजीव से पैसे? उन्होंने कभी भी एक पैसा घर के खर्च के लिए नहीं दिया। मैं अपने बलबूते पर यह घर चला रही हूॅं और बच्चों को पाल रही हूॅं। हॉं ससुर जी के जाने से जरूर परेशानी हुई, पर मैंने रात – रात काम करके सब संभाल लिया। दीदी ये बच्चें आप के भाई की निशानी है। बच्चों को आप सब के आशीर्वाद की जरूरत है।’ निधि की ननद चिड़ कर चली जाती है।
निधि सोचने लगी कि उसे अपने घर और बच्चों के लिए और कितने समझौते करने पड़ेंगे।
बिमला रावत जड़धारी
निधि अपनी सास के सहयोग से घर और बाहर दोनों संभाल लेती है। बच्चे भी बहुत समझदार थे। जैसे – जैसे बच्चे बड़े हुए, घर खर्च में अपनी मां की सहायता करने लगे। बेटी पड़ोस के बच्चों को पढ़ती थी। वहीं एक बुजुर्ग दंपति भी रहते थे। उनके बच्चें विदेश में बस गए थे और वे अकेले थे। दिन भर तो एक लड़की उनका सारा काम और देख भाल करती थी, परन्तु रात को उन्हें बहुत परेशानी होती थी। एक दिन निधि आफिस से घर आ रही थी। उसे बुजुर्ग दंपति घूमते हुए मिल जाते हैं। निधि उनकी कुशल – मंगल पूछती हैं। तभी वह निधि को अपनी परेशानी बताते हैं और कहते है ‘अगर कोई लड़का या लड़की तुम्हारी जानकारी में हो तो बताना, पर विश्वास वाला हो। तुम्हें तो पता है कि जमाना कितना खराब है।’
‘जी आंटी जी, अगर कोई होगा तो मैं आपको जरूर बताऊॅंगी।’
निधि घर आ कर यह बात अपनी सास को बताती है। निधि का बेटा सब बातें सुन लेता है। पूछता है, ‘मम्मी काम क्या करना होगा?’
‘बेटा जो तुम अपनी दादी जी के काम करते हो। समय पर दवाईयाॅं देना, पानी देना, सो जाएं तो देखना कि ठीक से सोएं है या नहीं।’
‘मम्मी अगर मैं कर लूं तो?’
‘नहीं बेटा पहले तुम्हारी पढ़ाई है। मैं चाहती हूॅं तुम पढ़ लिख कर अच्छी नौकरी करो, ये सब काम नहीं।’
‘मम्मी मेरी पढ़ाई का कोई नुक्सान नहीं होगा। मैं यहॉंँ रात को तो पढ़ता ही हूॅं वैसे ही वहाॅं भी पढ़ाई कर लूंगा। और कुछ आमदनी हो जाएगी तो कुछ जरुरतें पूरी हो जाएगी।मम्मी आप चिंता मत करो मैं सब कर लूंगा। आप उनसे मेरे बारे में बोल दो।’
निधि जब उन्हें बताती है तो वे कहते, ‘ये तो बहुत ही अच्छा है। तुमने हमारी चिंता खत्म कर दी, पर तुम बेटे की चिंता मत करना। उसकी पढ़ाई का कोई नुकसान नहीं होगा।’
और इस तरह बच्चों ने अपनी पढ़ाई पूरी करके अच्छी नौकरी में लग गए। अंकल आंटी के घर रात के लिए कभी बेटा चला जाता तो कभी निधि चली जाती। बच्चों ने मेहनत से अपना एक मुकाम बना लिया। तानें देने वालों का मुंह भी बंद करा दिया। निधि आज बहुत खुश थी। वह मुंह मीठा कराने ननदों के घर जाना चाह रही थी। तभी सास कहती हैं, ‘निधि बेटा आज तुझे तेरी तपस्या का फल मिल गया। ये सब तेरी मेहनत है, तेरे दोनों बच्चे सफल हो गए।’
‘मम्मी जी ये सब आप के सहयोग से ही सफल हुए हैं। अगर आप साथ नहीं देती तो बच्चे कैसे सफल होते। अब मैं सोच रही हूॅं दोनों दीदी के परिवार को बुलाते हैं और एक छोटी सी पार्टी देते हैं।’
‘कोई जरूरत नहीं है उन दोनों को और उनके परिवार वालों को बुलाने की। कहने को मेरी बेटियाॅं हैं। कितने ताने दिए हैं तुम्हें और तुम उन्हीं को बुला रही हो। कोई जरूरत नहीं है उनसे रिश्ता रखने की।’
‘मम्मी जी उनके तानों ने ही तो हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। फिर मम्मी जी वो तो हमारे अपने हैं। अगर रिश्ते टूट जाए तो उन्हें जोड़ना मुश्किल है। रिश्तों को बचाने के लिए कुछ समझौता भी जरूरी है।’

समाप्त
– बिमला रावत जड़धारी

error: Content is protected !!