सुबोध को डॉक्टर ने थोड़ी देर पहले ही जनरल वार्ड में शिफ्ट किया था । बच्चों को सुबह स्कूल छोड़ कर ही लौट रहा था कि बीच रास्ते में बछड़ा दिखा और उसे बचाने के चक्कर में उसने बाइक मोड़ना चाहा तो संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना ऐसी घटी कि एक पैर कुछ ज्यादा ही क्षतिग्रस्त हो गया था ।
दर्द से अंदर की कराह समझ आ रही थी और वह बेहोश हो गया । वो तो भला हो उसे भले मानुष का जिसने उसके पॉकेट से फोन निकालकर उसकी पत्नी रीता को कॉल लगाया ।
पति के नंबर से अनजानी आवाज सुनकर रीता घबरा गई फिर अस्पताल संबंधित सारी बात सुनकर इस कदर सहम गई कि वो सोफे पर झटके से गिर गई । पाँच मिनट के लिए बिल्कुल शून्य में चली गई और शिथिल सी हो गई । फिर अचानक से उसके दिमाग में सुबोध का ख्याल कौंधा और पति से मिलने पूरा घर बिखरा छोड़कर निकल गई ।
ताला बंद करते वक्त एक पल के लिए उसे ख्याल आया कि अपनी ननद शिप्रा दीदी को भी बता दें सुबोध के बारे में थोड़ा आराम हो जाएगा और चिंता कम होगी । फिर उसने इस ख्याल को पीछे छोड़कर कैब बुक किया और कैब में बैठकर भी वह बहुत असमंजस में थी बच्चे आ जाएंगे स्कूल से उन्हें कुछ पता भी नहीं है और घर भी बिखरा है , चाभी देना भी भूल गई।
मोबाइल में शिप्रा दीदी का नंबर ही डायल करने जा रही थी कि उनकी हरकतों का लंबा चौड़ा चिट्ठा दिमाग में परत दर परत खुलने लगा ।
शिप्रा दीदी और रीता का घर बनारस में ही मुश्किल से डेढ़ घंटे की दूरी पर था । शिप्रा बहुत कामचोर और आलसी इतनी ज्यादा कि बच्चे एक कॉलेज में और एक बारहवीं में पर भाभी के यहाँ आकर खुद सिर्फ पास पड़ोस वाली चाची या सहेलियों से बात करने के चक्कर में बच्चों को खाना निकालकर देना तो अलग एक गिलास पानी पूछना भी रीता की ही जिम्मेदारी थी ।
रीता के सास ससुर भी उसपर दबाव बनाकर रखते थे जब भी रीता के यहाँ आते अपनी बेटी को बुला लेते और छत पर बैठकर सब बतियाने में लगे होते और रीता उनकी तिमारदारी करने में ।
सुबोध चुपचाप मां की हरकतें देखता समझता था और वो भी उनके बीच ही बैठकर अपनी पत्नी की बुराइयां सुनता और साथ में एक दो वाक्य रीता के विरुद्ध भी बोल देता घरवालों को खुश करने के चक्कर में ।
रीता थी तो बहुत ही सुलझी विचारों की अच्छी महिला पर बुरे लोगों के बीच रहकर उसकी एक अच्छाई घर में नहीं चल सकी ।
ख्यालों में खोये – खोये वह अस्पताल पहुँच चुकी थी। टैक्सी का किराया देकर रीता अंदर ही घुस रही थी कि उसके नंदोई विक्रम जी मिल गए। विक्रम जी ने चौंकते हुए पूछा… “भाभी! क्या हुआ, आप यहाँ कैसे और भैया कहाँ हैं? रीता सारी बातें शुरू से आखिरी तक बताना ही चाह रही थी कि फिर उसने बातों को पचाकर छोटा सा जवाब दिया… ” सब ठीक ही है, सुबोध जी को पैर में थोड़ी चोट आई है।
विक्रम जी ने सवालिया निशान से देखते हुए कहा… “चलिए, किस कमरे में हैं, मुझे भी मिलना है।
बीच में ही टोकते हुए रीता ने कहा.. आप जिस जांच के लिए आए हैं वो करा लीजिए तब तक मैं जाती हूँ मिलने।
विक्रम जी ने सिर हिलाकर हाँ में सहमति देते हुए कहा… बस टाइम होने वाला है, आँख जाँच कराने आया था फिर आकर भैया से मिलता हूँ। रीता का दिमाग उलझनों से घिर आया था। अनेकानेक सवाल मन में घर कर रहे थे।
“शिप्रा दीदी तो आती हैं फिर साँस लेने में भी मुश्किल कर देती हैं । किसी न किसी बहाने घर आ जाएंगी फिर न तो मरीज की देखभाल हो पाएगी न मैं बच्चों का ध्यान रख पाऊँगी। तभी रीता के नम्बर पर शिप्रा दीदी का फोन आया। उठाते ही शिप्रा ने शिकायत भरे मनुहार से कहा…क्या भाभी! इतना गंभीर स्थिति हो गया और आपने हमें बताया भी नहीं। अभी विक्रम जी ने मुझे फोन किया, कहाँ हैं आप, बच्चे कहाँ हैं? विक्रम जी एक बार जाँच करा लें फिर भैया से मिलने आती हूँ मुझे चाभी दे देना आप, बच्चों को देख लुंगी। कमरा नम्बर बता दीजीये आती हूँ।
“अरे ठीक है दीदी! बच्चों की फिक्र मत करिए पड़ोसी हैं ना! अभी बात हुई है मेरी। अब रखती हूँ फोन, डॉक्टर आ गए। डॉक्टर ने जाँच के बाद बताया पैर में स्टील रॉड फिट करने की जरूरत है ज्यादा डैमेज हो गया है । दो घण्टे का ऑपरेशन है फिर वार्ड में शिफ्ट कर देंगे।
दो घण्टे बाद…
ऑपरेशन सफल रहा और वार्ड में सुबोध आ गया जहाँ पहले से ही रीता बैठी इंतज़ार कर रही थी।
सुबोध की आँख बन्द ही हो रही थी तभी उसने रीता को परेशांन देखते हुए पूछा.. ठीक हो जाऊंगा, डॉक्टर ने बोला है डेढ़ महीने। मेरे लिए चिंतित हो क्या? मम्मी को फोन कर दूँगा वो तुरंत आ जाएगी। मम्मी को बता दिया मेरे बारे में?रीता की आँखों से अविरल आँसू बहने लगे। उसने खुद को संभालते हुए कहा… आपने देखा है की मम्मी जी कभी कोई हाथ नहीं बँटाती हैं, मैंने बाई भी काम के लिए नहीं रखी है तो उन्हें बुलाकर भीड़ क्यों बढ़ाना? मरीज को भी देखना है मुझे और बच्चों को भी देखना है। न वो खुद से खाना न पानी लेती हैं ना दूसरे काम में मदद करती हैं। क्यों बुलाकर भीड़ बढ़ाऊँ। कितने काम बढ़ जाते हैं और ऊपर से उनकी टीका टिप्पणी भी जारी रहती है। मुझे इस समय में कोई भार नहीं चाहिए।
सुबोध ने समझाते हुए लहजे में कहा.. सही बोल रही हो तुम, तुम पर बहुत बोझ हो जाएगा। तभी विक्रम जी और शिप्रा अंदर घुसते ही बोलने लगे। “कौन किस पर बोझ हो जाएगा, किसकी बातें चल रही हैं। रीता ने हँसते हुए टाल दिया। दोनों पति – पत्नी से स्थिति पूछा, कुछ औपचारिकता भरी बातें हुई फिर शिप्रा ने कहा.. ” अब घर जाती हूँ बच्चों को देख लुंगी चाभी दे दीजिये।। शिप्रा ने चिढ़ते हुए मुँह बनाकर कहा.. आप देखभाल करना चाहती हैं ना दीदी, जैसा कि आपने बोला था कुछ जरूरत है तो बताऊँ तो प्लीज आप इनके साथ यहाँ रुकिए और मैं घर जाकर बच्चों को देख आती हूँ। फिर हँसते हुए शिप्रा ने कहा.. ” मम्मी आती होगी थोड़ी मदद हो जाएगी।मम्मी पापा को बोल दिया है आपके लिए अच्छा रहेगा। रीता ने आग बबूला होते हुए कहा.. कैसी मदद दीदी! आज तक आप दोनों कब मुझे दो रोटी बनाकर खिलायी हैं या मेरे बच्चों को कभी देखभाल किया है? सुबोध ने भी बड़ी हिम्मत से कहा.. “मम्मी को बता दिया, क्यों हमसे बिना पूछे? कितने काम संभालेगी रीता अकेले? और मम्मी से होता क्या है, मरीज वाले घर में बहुत काम होते हैं। माहौल गरम देखकर विक्रम ने शिप्रा से कहा.. ” चलो बच्चे भी हमारी राह देख रहे होंगे मुझे भी ऑफिस का काम है। उनके बाहर जाते ही रीता ने कहा.. कैसे खिसक लिए काम के वक़्त? ऐसे ही आपके परिवार हैं। एक दिन परिस्थिति क्या बिगड़ी सबके रंग दिख गए। अच्छा ही हुआ मेरे बिना दिखाये आपको दिख गया। अब सुबोध ने माँ रुपाली जी को फोन किया.. ” रूपाली जी ने फोन उठाते ही कहा.. कैसे हो बेटा? मुझे शिप्रा से पता चला रीता तो कुछ बताती ही नहीं। शिप्रा बहुत परेशान हो रही थी। सुबोध ने कहा.. समझ आ गयी उसकी परेशानी। आप क्या कर रही हैं ? रुपाली जी ने कहा.. “सामान बांध रही हूँ तुम्हारे पास आने के लिए। कल जब डिस्चार्ज होकर घर जाओगे तो हमलोग भी इधर से निकलेंगे। रीता को बोलना हम दोनों के लिए सादा खाना ही बनाएगी।
” एक मिनट मम्मी! मेरी भी बात सुनिए। आप और पापा क्या करने आ रहे हैं मुझे देखने ही ना? थोड़ा ठीक होने दीजिये मुझे। आप तो कुछ मदद करती नहीं रीता की वो अकेले मेरी दिनचर्या, बच्चों को संभालना और खाना बनाना क्या क्या करेगी। प्लीज अभी आप मत आइये, खाना पानी आप दोनों को समय से चाहिए और इस समय मुश्किल है सब कुछ आपके हिसाब से चले।
“लेकिन बेटा … हमारी भी बात सुनो, तुम्हें सब कुछ रीता ने सिखा दिया और तुम वही कर रहे।
” क्या मम्मी! रीता के पीछे आपलोग क्यों पड़े हैं, अब मेरे आँखों के पर्दे हट गए हैं। सब साफ साफ नज़र आ रहा है। फिर एक बार कह रहा हूँ अगर मेरी थोड़ी भी परवाह है तो प्लीज मुझे थोड़ा ठीक होने दीजिये। शिप्रा तक बात गयी और क्या से क्या माहौल हो गया।
“सही है बेटा! #संतान सुख सबको मिलता है। संतान से सुख कितने लोगो को मिलता है।छह रोटी सिर्फ हमारे लिए बढ़ते तो हमारे बेटे से मिलने नहीं दिया जा रहा।रुपाली जी ने मायूसी से कहा तो सुबोध ने अब दो टूक जवाब दे दिया.. ” देख रहा हूँ क्या से क्या माहौल हो गया है। आप बात को किस दशा से किस दिशा में ले जा रही हैं। आपलोगों को मेरी इतनी चिंता है तो भी अभी अपना सोच रहे। आपको मिलना है आइये और दिन भर में देख कर निकल जाइये। बात रोटी बनाने की नहीं उसके साथ बहुत सारे काम संभालने की है। ऐसे समय में एक रोटी ज्यादा बनाना मुश्किल होता है। सारी बुराई सिर्फ रीता में नहीं खुद में और अपनी बेटी में भी देखिये मम्मी।
अब रुपाली जी ने सुबोध की बातें सुनकर कह दिया.. “दिन भर के लिए आते हैं मिलने। अगर बहू को टाइम मिला तो कहना थोड़े से अलसी के लड्डू बांध देगी हमारे लिए। सुबोध ने मन ही मन सोचा.. धन्य हैं मम्मी आप, और आपका सास वाला रूप। बेटे का दुःख नहीं बहु पर कैसे राज करना और हुक्म चलाना है ये भी आप इसी घडी में सोच रही हैं।
रीता का मन अब अपने पक्ष में पति की बातें सुनकर व्यथित से शांत हो रहा था।
कहानी कैसी लगी आप सबको। कोई त्रुटि हो तो क्षमा करियेगा और अगर पसंद आई हो तो लाइक शेयर और फॉलो करना न भूलें ।
मौलिक, स्वरचित
#संतान सुख