“संस्कारों का प्रतिफल” – कमलेश आहूजा

सुबह की चाय के साथ सविता और कमला की गपशप का सिलसिला रोज चलता था।दोनों बचपन की सहेलियाँ थीं और एक ही कॉलोनी में रहती थीं।

सविता के पति को गुजरे पाँच साल हो चुके थे।उसका बेटा-बहू उसी के साथ रहते थे,लेकिन उसकी जरूरतों और भावनाओं से उन्हें कोई खास सरोकार नहीं था।वह बहू के साथ घर के कामों में हाथ बँटाती,पोते को सँभालती और सबकी पसंद का ध्यान रखती,फिर भी उसे दो पल बैठकर कोई प्यार से पूछता तक नहीं था कि उसे क्या चाहिए।

इसके विपरीत कमला के पति,बेटा-बहू और पोते-पोतियाँ सब उसका बहुत ध्यान रखते थे।सुबह की चाय से लेकर दवाइयों तक,उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का ख्याल रखते।बहू अक्सर पूछती-“मम्मी जी,आज आपका क्या खाने का मन है? मैं वही बना दूँगी।”

कमला के चेहरे पर हमेशा संतोष और अपनापन झलकता था।

सविता अक्सर उसके घर आती और कहती-“कमला,तेरे बच्चे कितने अच्छे हैं! हर वक्त तेरा ध्यान रखते हैं।मेरे बहू-बेटे को तो मेरी कोई परवाह ही नहीं।घर में रहकर भी ऐसा लगता है जैसे मैं अकेली हूँ।”

कमला उसे समझाती-“अरे,ऐसा मत सोच।बच्चों के पास भी अपनी जिम्मेदारियाँ होती हैं।प्यार से रहा कर,सब ठीक हो जाएगा।”

लेकिन एक दिन सविता फिर वही शिकायत लेकर बैठ गई।

“पता नहीं मैंने कौन-से पाप किए हैं! जिंदगी भर बहू-बेटे के लिए खटती रही। बहू की हर जिम्मेदारी निभाई, पोते को पाला, घर सँभाला, फिर भी बुढ़ापे में दो मीठे बोल तक नसीब नहीं होते।तेरे बच्चे तो तुझे सिर-आँखों पर रखते हैं।”

आज कमला से रहा नहीं गया।वह नाराज होते हुए बोली-“सविता,बुरा मत मानना, लेकिन कभी अपने बीते हुए कल में भी झाँककर देख। तू आज अपने बच्चों से जिस अपनत्व की उम्मीद करती है, क्या कभी तूने अपने सास-ससुर को वह अपनापन दिया था?”

सविता एकदम चुप हो गई।

कमला ने आगे कहा-“याद है,जब तेरे सास-ससुर गाँव में अकेले रहते थे? कितनी बार उन्होंने तुझे अपने पास बुलाया था। तेरे ससुर बीमार थे,तेरी सास की तबीयत भी ठीक नहीं रहती थी। उन्होंने तुझे बहुत याद किया, लेकिन तू कभी उन्हें अपने पास रखने को तैयार नहीं हुई।उनके अंतिम दिनों में भी तू उनसे मिलने नहीं गई।क्या कभी सोचा कि उस समय उनके दिल पर क्या बीती होगी?”

सविता की नजरें झुक गईं।

कमला की आँखें भी नम थीं।वह बोली-“मैंने भी तो तेरी तरह गृहस्थी सँभाली थी।मेरे सास-ससुर बुजुर्ग हुए तो मैंने उन्हें अपने साथ रखा।उनकी छोटी-बड़ी जरूरतों का ध्यान रखा। कभी बहू होने का फर्ज समझकर नहीं, बल्कि अपने माता-पिता मानकर उनकी सेवा की। मेरे बच्चों ने बचपन से यह सब देखा।आज वही संस्कार उनके व्यवहार में दिखाई देते हैं।संतान- सुख केवल बच्चे पैदा करने से नहीं मिलता सविता,वह तो बच्चों के मन में प्रेम,सम्मान और सेवा के संस्कार बोने से मिलता है।हम अपने बड़ों के साथ जैसा व्यवहार करते हैं,बच्चे वही देखकर सीखते हैं।”

सविता की आँखों से आँसू बहने लगे।उसे अपने सास-ससुर का वह चेहरा याद आने लगा,जब वो अंतिम बार उससे मिलने की आस लगाए बैठे थे। आज उसे महसूस हुआ कि उसने केवल उनका साथ ही नहीं छोड़ा था, बल्कि अपने बच्चों को भी एक जरूरी संस्कार देने से चूक गई थी।

उस दिन घर लौटते समय कमला की बातें उसके मन में गूँज रही थीं। उसने तय किया कि अब वह शिकायतों में जीवन नहीं बिताएगी। अपने बच्चों से भी प्यार और धैर्य से बात करेगी और अपने पोते-पोतियों को अपने व्यवहार से प्रेम और बड़ों के सम्मान का महत्व सिखाएगी।

कमला की बात उसके मन में गूँज रही थी…संतान से सुख और सम्मान पाने की चाह रखने से पहले हमें भी अपने बड़ों को प्रेम और सम्मान देना सीखना चाहिए।क्योंकि संस्कारों की जड़ें जितनी गहरी होंगी,संतान के प्रेम का वृक्ष उतना ही हरा-भरा होगा।

कमलेश आहूजा

error: Content is protected !!