आत्मीयता – डॉ बीना कुण्डलिया

आज नाश्ते में क्या बना रही हो राघव ने पत्नी की तरफ देखा और बड़े ही इत्मीनान से पूछा… रोज ऑफिस की भागदौड़ कम से कम तीन दिन की छुट्टी पल भर ही सही थोड़ा चैन मिलेगा । आज मैं अपना मनपसंद नाश्ता बनाऊंगी कहते हुए कमरे से बाहर जाते जाते अनुराधा बोली- और जैसे ही किचन में प्रवेश किया लीविंग रूम में रखे लैंडलाइन फोन की लगातार बजती घंटी की तरफ आकर्षित हुए बिना न रह सकी। आज बहुत दिनों बाद किसी ने उसमें फोन की घंटी बजाई वरना तो सेल फोन ही प्रयोग में रहते आजकल। फोन की तरफ बड़बड़ाते हुए लपकी-

 अरे ये कौन होगा ?

जिसको इतनी सुबह सुबह याद आ गई हमारी, सन्डे की छुट्टी पर भी चैन नहीं।

रीसिव करते ही उधर से आवाज आई नमस्ते भाभी कैसे हो ? भाभी मैं आपकी स्वेता।

स्वेता की आवाज सुनकर अनुपमा के चेहरे में मुस्कुराहट खिल पड़ी अरे स्वेता कैसी हो तुम कितनी बार फोन किया तुमको लगता ही नहीं तुम्हारा नम्बर ?

कल तुम्हारे भैया भी शिकायत कर रहे थे । 

कहां रहती हो आजकल ॽ अरे भई एक फोन ही कर लिया करो कभी कभार भूले भटके ।

बस भाभी ऑफिस में रहती हूँ तो सिग्नल प्रॉब्लम्स रहती है घर लौटने में देर हो जाती है बहुत थक जाती हूँ स्वेता निराश सी होकर बोली।

कल रात से ट्राई कर रही थी आपके और भाई दोनों के फोन बंद आ रहे कहां हैं आप दोनों, इसीलिए तो मैंने लैंडलाइन ट्राई किया। देख रही थी घर में ही हैं या कहीं बाहर गये हुए हो घूमने फिरने। छुट्टी जो आ गई तीन दिन की ।

अरे कैसी बातें करती हो स्वेता ? अनुराधा थोड़ा गुस्साये अंदाज से बोली, भला तुमको बताये साथ लिए बगैर घूमने फिरने जायेंगे हम क्या ? बेवकूफ नादान लड़की।

फिर बड़ी ही नम्रता से बोली- अच्छा किया स्वेता तुमने, हमने इसी लिए लैंडलाइन भी रखा हुआ है वो क्या है न ॽ तीन दिन की छुट्टी आ गई और ये ऑफिस वाले किसी न किसी बहाने फोन पर काम निकलवा ही लेते हैं। अब मना भी नहीं कर सकते। ये प्राइवेट जॉब भी पैसा ही पैसा देती लेकिन इंसान का चैन छीन लेती है। इसलिए कल तुम्हारे भैया ने फोन ऑफ कर दिए कह रहे कम से कम चैन से नींद पूरी तो हो जायेगी। अभी चैन से नाश्ता करके ऑन कर देते हैं। अनुराधा बोली।

अच्छा भाभी… ये बताओ, मैं सोच रही बहुत दिन हो गए आप दोनों से मिले, घर की आप दोनों की, बहुत याद आ रही दो दिन आप लोगों के पास आ जाती । वैसे अगर आप दोनों को डिस्टर्ब न हो तो, मेरे पति भी ऑफिस से टूर पर गये है एक हफ्ते बाद ही लौटेंगे साथ चलने को कह रहे थे मगर ऑफिस की वजह से नहीं गई अब तीन दिन की छुट्टी अकेले रहने का मन नहीं है घर में मेरा, आ जाऊँ भाभी क्या आप सबके पास..? स्वेता की आवाज में थोड़ा भारीपन महसूस कर रही थी अनुराधा, इसलिए बड़े ही अधिकार पूर्वक बोली –

“अरे स्वेता कैसी बातें करती हो तुम ? किसने रोका तुमको आ जाओ ये तुम्हारा ही घर है “ । 

ये इस तरह से आने के लिए पूछकर तुम तो हमको पराया ही कर रही हो।

“अपने घर में आने के लिए भला किसी के इजाजत की जरूरत कब से पड़ने लगी” ।

 ज़िन्दगी ऐसे ही भाग रही रोज की भागदौड़ ऑफिस की दिनभर की जटिलता, थकावट हम तुम आपस में मिलजुल दो दिन साथ रहेंगे तो थोड़ा मानसिक सुकून मिलेगा । बहुत अच्छा लगेगा हमें, अब एक ही शहर में रहने का कुछ तो फायदा होना ही चाहिए । आपसी मेलजोल ही रिश्तों में आत्मीयता बढ़ाता है सुकून शान्ति देता है। ऐसा करो तुम अभी आ जाओ मैं नाश्ता बनाने जा रही हूँ और दोपहर में तुम्हारी और तुम्हारे भैया की पसंद की दाल बाटी भी बना दूंगी अनुराधा उत्साहित सी बोली।

ठीक है भाभी मैं पहुंचती हूँ एक आधा घंटे में सुबह का समय है ऊपर से सन्डे आज तो ट्रैफिक भी नहीं होगा रोड़ में,बस जल्दी ही पहुंच जाऊंगी स्वेता खुशी से चहकते हुए बोली।

हाँ बिल्कुल जल्दी से आ जाओ हम बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं तुम्हारा।

अनुराधा ने जल्दी जल्दी नाश्ते की तैयारी की चाय बना पति को भी दी और ननद स्वेता के आने की सूचना भी। 

राधव खुशी से चहक पड़ा बोला अच्छा स्वेता आ रही आज, बड़े दिन हो गए उससे मुलाकात किये हुए। एक तो फोन भी नहीं मिलता उसका जब देखो तब आउट आफ कवरेज एरिया दिखता रहता है। वो तो अपने घर में ऐसी मस्त हो गई कितने कितने दिन तक बात नहीं हो पाती उससे। और शादी से पहले तो मेरे पीछे पीछे डोलती रहती थी भाई ये भाई वो कहते नहीं थकती थी। 

अनुराधा ने बढ़िया सा नाश्ता तैयार किया और ननद स्वेता का इंतजार करने लगी। उसने तब तक दोपहर के लिए दाल बाटी का सामान भी तैयार कर लिया। ताकि लंच तैयार करने में ज्यादा वक्त न लगे और अधिक से अधिक समय स्वेता को दे सके । बाटी की तैयारी करते करते उसको अपनी सासूमां की याद आने लगी। सोचने लगी कितना अच्छा बनाती थी वो बाटी उन्होंने ही सिखाया उसको बनाना । 

अभी एक बरस पहले ही उनका देहांत हुआ। उसकी शादी को दो बरस से ऊपर ही हो गये और ननद की शादी को एक बरस से थोड़ा ऊपर का समय हुआ। ननद की शादी के कुछ महिनों बाद ही सासूमां हृदयाघात से चल बसीं वो पहले से ही हृदय रोग से जो पीड़ित थी । अपनी सेहत के प्रति एकदम लापरवाह। खाने की शौकीन तरह तरह के व्यंजन बनाने में माहिर। बहुत कम साथ रहा उसका और सासूमां का । और इतने कम समय में ही असीम ममता उड़ेल गई वो याद करते करते आज अनुराधा की आंखें ही छलक आईं । 

एक एक बिताया पल उसके सामने चलचित्र सा घूमने लगा । जब वो दुल्हन बनकर आई इस घर में तो वो कितना सहमी हुई थी एकदम अलग रीति रिवाज वो इसाई संस्कार से पली पढ़ी और राघव का परिवार ठेठ पंजाबी परिवार ये बात अलग उसका और राघव का कालेज का साथ दोनों का प्रेम विवाह और राघव की माँ ने बिना आनाकानी किये राघव के बताते ही रिश्ता सहृदय स्वीकार कर लिया था।

बेटे की पसंद को सहृदय ही स्वीकार कर लेने की हिम्मत और दिल बहुत कम माँ ही ऐसा कर पाती हैं । उसकी सासूमां तो देवी थी देवी याद करते अनुराधा का हृदय भाव विह्वल हो गया। अनायास उसके मुंह से निकला हे भगवान तेरी भी कैसी माया है अच्छे लोगों को कितना जल्दी अपने पास बुला लेता है। काश सासूमां जिन्दा रहतीं कितना अपनापन था उनमें मजाल जो कोई उनकी बहु के खिलाफ मजाक में भी कुछ बोल दे ।

राघव की बुआ ताई चाची मौसी मामी सभी के आगे उसकी सासूमां उसको बराबर सपोर्ट करतीं । उनकी वजह से ही वो परिवार में कितने जल्दी से बेहिचक आसानी से घूलमिल गई वो । सासूमां किसी को भी कुछ कहने का मौका नहीं देतीं थीं। 

उनके अंतिम समय में… याद आते ही अनुराधा की आँखों से आँसू बरबस बहनें लगे । अपने अन्तिम समय में उसका हाथ पकड़कर कैसे दर्द भरे शब्दों में बोली थी वों अनुराधा मेरा तुम सबको छोड़कर जाने का मन तो नहीं है…मगर मेरा समय पूरा हो गया है बेटा अब इस घर की जिम्मेदारी तुम्हारी मेरे दोनों बच्चों का ख्याल रखना मेरी बेटी स्वेता ने बचपन में ही पिता को खो दिया अब मेरा जाना वो बर्दाश्त नहीं कर पायेगी । तुम वादा करो उसकी भाभी नहीं माँ बनकर उसके साथ अच्छे संबंध बनाये रखोगी।

फिर बड़ी ही मुश्किल से अटकते शब्दों में कहा था उन्होंने मेरी बेटी को माता पिता की कमी महसूस न होने देना।

अनुराधा ने उनको ढांढस बंधाया था माँ आप बिल्कुल चिंता मत कीजिए इस घर में कोई बदलाव नहीं आयेगा । और आप बिल्कुल ठीक हो जायेंगी अभी हम अस्पताल पहुँचने वाले हैं आपका ट्रीटमेंट हो जायेगा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अनुराधा का हाथ मजबूती से पकड़े पकड़े वो बेसुध हो गई थीं । हाथ की पकड़ रास्ते में ही ढीली पड़ चुकी थी। अस्पताल में डाक्टरों की टीम की लाख कौशिशों के बाद भी उनको बचा या न जा सका ।

उनका ऐसे अनायास छोड़कर जाना राघव, स्वेता एकदम टूट चुके थे। अनुराधा ने ही बड़ी हिम्मत से उनको सम्भाला । बिल्कुल सासूमां के गुणों को अपनाकर उनका ही अनुसरण कर धीरे-धीरे पति और ननद दोनों के ज़ख्म भरने लगे । 

“वैसे भी समय बड़े से बड़े जख्म को भर देता है या यूं कहिए इंसान समय के साथ रहना जो सीख जाता है, हकीकत को स्वीकार करने की हिम्मत बटोर लेता है ”!!

अचानक दरवाजा की बैल बजी अनुराधा ने अपने आंँसू पोंछे और घर में प्रवेश करती स्वेता को गले लगाया बोली कितने दिन हो गए मिले अरे आ जाया करो याद नहीं आती भाई भाभी की तुमको।

स्वेता ने अपना बैग एक तरफ रखा और भाभी की तरफ देख नटखट अंदाज में बोली नहीं आती आपकी याद । बोलो क्या करोगी अब ? उसके बचपने अंदाज पर अनुराधा मुस्कुराये बिना न रह सकी ‌।

चलो आओ नाश्ता लगाती हूँ तब तक तुम अपने भैया से मिल लो और उनको भी लेकर आ जाओ नाश्ते के लिए।

अनुराधा ने नाश्ता लगाया राघव और स्वेता चहकते हुए किसी बात पर बहसबाजी में उलझे हुए आते हैं और अनुराधा से अपने बात के निर्णय की गुजारिश करते हैं। 

अनुराधा नाटकीय गुस्से से कहती हैं तुम दोनों बहस बाद में करते रहना पहले गर्म गर्म नाश्ता कर लो ठंडा हो रहा है।

सभी नाश्ता दोपहर का खाना मिलजुल कर खाते हैं फिर शाम को मूवी और शापिंग दो दिन कैसे बीत जाते है पता ही नहीं चलता ?

आज स्वेता सुबह ही वापस जाने को तैयार वो यहीं से सीधे ऑफिस पहुंच जाने की इच्छा से भाभी अनुराधा को कहती हैं अच्छा अब मैं चलती हूँ । 

अनुराधा उसको गले लगा लेती है और एक गिफ्ट हाथ में पकड़ाती है ठीक वैसे ही जैसे उसकी सासूमां अपनी बेटी के ससुराल वापसी पर किया करती थी। स्वेता की आंखों में आसूं भर आते है वो कहती हैं भाभी आप के रहते मुझे एक बार भी ऐसा महसूस नहीं होता कि अब मेरी माँ ज़िन्दा नहीं है। इस घर में मेरा बचपन बीता मैं जब भी यहां आती हूँ मुझे आत्मीयता भरी शान्ति मिलती है। इस घर के दर दीवार घर का कोना-कोना मेरी यादों से भरा है यहां आना मेरे लिए मात्र रिश्ते निभाना ही नहीं ये मुझे नया उत्साह से भरा जीवन जीना सीखाता है। मैं अपने को एकदम तरोताजा महसूस करने लगती हूँ । 

अनुराधा ननद स्वेता को कहती हैं अरे पगली ये घर तेरा ही तो है  और हमेशा तेरा ही रहेगा… और मैं तेरी भाभी और माँ दोनों ही रहूंगी । तभी भाई राघव कमरे से निकल कर आता है और कहता है अरे भई क्या हो रहा है ये सब ॽ तुम मां भाभी के चक्कर में कहीं मुझे न भूल जाना कहते हुए बड़े प्यार से बहन के सर पर हाथ फेरते हुए चल मैं छोड आता हूँ तुमको, स्वेता के हाथ से बैग लेकर गाड़ी की तरफ बढ़ता है।

स्वेता के जाने के बाद अनुराधा देर तक दरवाजे पर खड़ी देखती रहती है जब तक गाड़ी आंखों से ओझल नहीं हो जाती। वो वापस कमरे में आती है सामने सासूमां की फूल से  सुसज्जित तस्वीर को देखकर उसको एकपल ऐसा अहसास होता है उसकी सासूमां बड़ी ही आत्मीयता, ममता भरी नजरों के साथ उसको एकटक निहार रही और आशीर्वाद दे रही हैं।

लेखिका डॉ बीना कुण्डलिया

error: Content is protected !!